RWA की पहल से सेक्टर के पार्कों में लगाए गए पौधे, बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, लगाए गए पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
“एक पेड़ माँ के नाम — माँ का सम्मान, प्रकृति का संरक्षण।”
ग्रेटर नोएडा। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए RWA सेक्टर-36 RHO-1 द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत सेक्टर के विभिन्न पार्कों में बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में सेक्टर के सम्मानित निवासियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह विशेष रूप से देखने योग्य रहा। उन्होंने स्वयं पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। वहीं वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव और मार्गदर्शन से कार्यक्रम को प्रेरणादायक बनाया। सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया।
हरित भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
RWA पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल वातावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ, सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य की नींव भी रखते हैं। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो शहर को अधिक हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।
उन्होंने सभी सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक और पर्यावरणीय अभियान भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सम्मानित निवासियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों के प्रति RWA ने हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।



