बच्चों ने मिलकर तैयार किया रावण का पुतला, दशहरे पर दिखा उत्साह
ग्रेटर नोएडा। दशहरे के अवसर पर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-36 स्थित सी-ब्लॉक में बच्चों ने मिलकर रावण का पुतला बनाया और उसका दहन किया। सनिश, वत्सल, रौनक ने पुतला तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, हर्षित, आयुष, नीतिका, शुवन और प्रवीण का भी इस आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग रहा।
बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और मेहनत से रावण का पुतला तैयार किया। पुतला बनाने से लेकर उसे सजाने तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सामूहिक प्रयास से बच्चों ने दशहरे के पर्व को यादगार बनाया और आपसी सहयोग की मिसाल पेश की।
बड़ों की मौजूदगी में हुआ पुतला दहन, बच्चों ने साझा किए अनुभव

पुतला दहन बड़ों की मौजूदगी और जरूरी हिदायतों के साथ किया गया। इस दौरान बच्चों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व को उत्साह के साथ मनाया।
सनिश ने कहा, “हमने सभी दोस्तों के साथ मिलकर रावण का पुतला बनाया। इसे तैयार करने में हमें बहुत मजा आया। अपने हाथों से बनाए पुतले का दहन करना हमारे लिए खास अनुभव रहा।”
वत्सल ने बताया, “हम सभी ने मिलकर पुतला बनाने की योजना बनाई और एक-दूसरे की मदद से इसे तैयार किया। हमारा उद्देश्य दशहरे को मिल-जुलकर मनाना और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देना था।”
वहीं, रौनक ने कहा, “हमने पुतला बनाने में खूब मेहनत की। सभी दोस्तों ने मिलकर काम किया, जिससे यह तैयार हो पाया। हमें खुशी है कि हम अपने मोहल्ले में दशहरे का त्योहार इस तरह मना सके।”
सभी के सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। सेक्टर-36 के सी-ब्लॉक में बच्चों की इस पहल ने दशहरे के उल्लास के साथ रचनात्मकता, एकजुटता और आपसी सहयोग का संदेश दिया।


