
Republic Day 2025: गणतंत्र दिवस समारोह 2025 में इस बार भारतीय संविधान के 75 साल पूरे होने की झलक देखने को मिलेगी। कर्तव्य पथ पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में संविधान के 75 साल थीम पर आधारित दो विशेष झांकियां शामिल की गई हैं। इस थीम को सैकड़ों गुब्बारों पर भी लिखा जाएगा, जिन्हें समारोह के अंत में छोड़ा जाएगा। परेड की शुरुआत भारतीय वाद्य यंत्रों की धुनों के साथ होगी।
2. गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत और समापन
गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने से होगी। भारतीय वायुसेना के इनर गार्ड में एक सार्जेंट और छह कॉरपोरल शामिल होंगे। गणतंत्र दिवस परेड के बाद विजय चौक पर 29 जनवरी को बीटिंग द रिट्रीट समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वायुसेना का 121 संगीतकारों वाला बैंड यादगार धुनें प्रस्तुत करेगा।

3. पहली बार शामिल होगी प्रलय मिसाइल
इस साल गणतंत्र दिवस पर पहली बार प्रलय मिसाइल को परेड में शामिल किया जाएगा। यह डीआरडीओ द्वारा विकसित सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल है। इस मिसाइल की घातक क्षमता इसे खास बनाती है। केंद्रीय रक्षा सचिव आरके सिंह ने बताया कि इस साल परेड में स्वदेशी रक्षा प्रणालियों पर विशेष जोर दिया गया है।

4. ब्रह्मोस, पिनाका और अन्य रक्षा प्रणालियां
कर्तव्य पथ पर ब्रह्मोस, पिनाका, आकाश, नाग मिसाइल सिस्टम, टी-90 भीष्म टैंक, सारथ टैंक और अन्य आधुनिक हथियार प्रदर्शित किए जाएंगे। इन प्रणालियों को भारतीय सेना की युद्ध क्षमता को दर्शाने के लिए शामिल किया गया है।
5. भारतीय वाद्य यंत्रों के साथ परेड की शुरुआत
इस साल परेड की शुरुआत 300 कलाकारों द्वारा भारतीय वाद्य यंत्रों की धुनों के साथ होगी। ये कलाकार भारतीय संस्कृति और संगीत का प्रदर्शन करेंगे। कुल 31 झांकियां परेड का हिस्सा होंगी, जिनमें 16 विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां शामिल हैं।
6. संविधान के 75 साल पर विशेष आयोजन
संविधान के 75 साल पूरे होने के अवसर पर विशेष गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। इस बार गणतंत्र दिवस समारोह की मुख्य थीम “स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास” है।
7. फ्लाई पास्ट में 22 फाइटर प्लेन और नए फॉर्मेशन
इस बार के फ्लाई पास्ट में भारतीय वायुसेना के 22 लड़ाकू विमान, 11 परिवहन विमान और 7 हेलीकॉप्टर शामिल होंगे। हालांकि, तेजस और उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) इस बार फ्लाई पास्ट में शामिल नहीं होंगे। फ्लाई पास्ट के दौरान अजय, सतलुज, बाज, रक्षक, अर्जुन और वरुण जैसे फॉर्मेशन बनाए जाएंगे।
8. राफेल और सुखोई के खास प्रदर्शन
फ्लाई पास्ट में राफेल लड़ाकू विमान वज्रंग और वर्टिकल चार्ली फॉर्मेशन बनाते नजर आएंगे। सुखोई लड़ाकू विमान त्रिशूल फॉर्मेशन बनाएंगे। इसके अलावा 5 जगुआर विमान एरो फॉर्मेशन बनाएंगे।
9. वायुसेना के मार्चिंग दस्ते की झलक
वायुसेना के मार्चिंग दस्ते में 144 वायुसैनिक शामिल होंगे। टुकड़ी का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर महेंद्र सिंह करेंगे। फ्लाइट लेफ्टिनेंट दामिनी देशमुख, नेपो मोइरंगथेम और अभिनव घोष भी टुकड़ी का हिस्सा होंगे। मार्चिंग के दौरान बैंड ‘साउंड बैरियर’ धुन बजाएगा।
10. जल योद्धाओं की विशेष भागीदारी
गणतंत्र दिवस पर जल जीवन मिशन के तहत देशभर से 178 जल योद्धाओं को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इन योद्धाओं ने अपने समुदायों में जल संरक्षण और पेयजल की उपलब्धता में अहम योगदान दिया है। जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल भी इन्हें सम्मानित करेंगे।
इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह में भारतीय सेना की ताकत, संस्कृति की समृद्धि और संविधान की महत्ता को एक साथ दर्शाया जाएगा। यह समारोह भारतीय गौरव, विकास और विरासत का प्रतीक होगा।

