Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आकाशवाणी के जरिए मन की बात कार्यक्रम किया। यह कार्यक्रम का 127वां एपिसोड था। पीएम मोदी ने अपने विचार देश-विदेश के लोगों के साथ साझा किए। उन्होंने जीएसटी बचत उत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी में भारी उछाल देखा गया है और त्योहारों की रौनक पहले से ज्यादा है।
उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता ने सुना कार्यक्रम
बिहार की राजधानी पटना में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना।
रिया नाम के कुत्ते की तारीफ
पीएम मोदी ने लखनऊ में ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट में रिया नाम के कुत्ते की तारीफ की। रिया बीएसएफ द्वारा प्रशिक्षित मुधोल हाउंड है और उसने कई विदेशी नस्लों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम पुरस्कार जीता। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित इलाके में एक स्वदेशी कुत्ते ने 8 किलोग्राम विस्फोटक का पता लगाया। पीएम मोदी ने बीएसएफ और सीआरपीएफ को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी।
मैंग्रोव और पर्यावरण संरक्षण का महत्व
पीएम मोदी ने मैंग्रोव के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि मैंग्रोव समुद्र के खारे पानी और दलदली भूमि में उगते हैं और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के लिए जरूरी हैं। सुनामी या चक्रवात जैसी आपदाओं के समय ये बहुत मददगार साबित होते हैं।
अंबिकापुर के गार्बेज कैफे की सराहना
पीएम मोदी ने अंबिकापुर नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे गार्बेज कैफे की तारीफ की। इन कैफे में प्लास्टिक कचरे के बदले भरपेट खाना मिलता है। एक किलो प्लास्टिक लाने पर दोपहर या रात का खाना और आधा किलो लाने पर नाश्ता मिलता है।
स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी और त्योहारों की रौनक
पीएम मोदी ने कहा कि जीएसटी बचत उत्सव के कारण लोगों में काफी उत्साह देखा गया। बाजारों में स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी में जबरदस्त वृद्धि हुई है। उन्होंने अपने पत्र में खाद्य तेल की खपत में 10% कमी करने का आग्रह किया था, जिस पर लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। त्योहारों की रौनक इस बार पहले से ज्यादा दिखाई दी।
छठ पर्व और सामाजिक एकता
पीएम मोदी ने कहा कि छठ के घाटों पर समाज का हर वर्ग एक साथ खड़ा होता है, जो भारत की सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण है। उन्होंने छठ महापर्व को संस्कृति, प्रकृति और समाज की गहरी एकता का प्रतीक बताया और देशवासियों को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी।


