Harry Brook: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन बनाए। टीम के लिए हैरी ब्रूक और जेमी ओवरटन को छोड़कर बाकी सभी बल्लेबाज खास कमाल नहीं कर पाए। हालांकि ब्रूक के शानदार शतक की बदौलत इंग्लैंड सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाया।
इंग्लैंड की शुरुआत रही बेहद खराब
इंग्लैंड की शुरुआत काफी कमजोर रही। जेमी स्मिथ बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद बेन डकेट, जो रूट और जैकब बेथल भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। टीम ने महज 10 रन पर अपने चार अहम बल्लेबाज खो दिए। लग रहा था कि इंग्लैंड बहुत कम स्कोर पर सिमट जाएगी। लेकिन कप्तान हैरी ब्रूक ने मैदान पर आते ही अपनी जिम्मेदारी निभाई और धमाकेदार बल्लेबाजी की।
हैरी ब्रूक ने जड़ा शतक
हैरी ब्रूक ने 101 गेंदों में 135 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। उन्होंने शांत और सधे अंदाज में बल्लेबाजी की। लगातार विकेट गिरने के बावजूद ब्रूक क्रीज के एक छोर पर टिके रहे और टीम को सम्मानजनक स्कोर दिलाया।
ब्रूक ने तोड़ा 32 साल पुराना रिकॉर्ड
इंग्लैंड की कुल पारी 223 रन रही, जिसमें ब्रूक ने अकेले 135 रन बनाए। यानी उन्होंने टीम के 60.53% रन अकेले बनाए, जो इंग्लैंड के लिए एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 1993 में रॉबिन स्मिथ के नाम था, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 277 रनों की पारी में 60.28% रन बनाए थे। ब्रूक अब इंग्लैंड के लिए वनडे में सर्वाधिक प्रतिशत रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं और उन्होंने 32 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।



