Diwali 2025: दीवाली का जश्न पूरे देश में जोर-शोर से मनाया गया। आम लोग ही नहीं बल्कि बॉलीवुड के सितारों ने भी इस त्यौहार को धूमधाम से सेलिब्रेट किया। लेकिन इस बार बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने दीवाली कुछ अलग अंदाज में मनाई। जहां हर साल वो अपने घर मन्नत में बड़ी पार्टी रखते हैं, वहीं इस बार उन्होंने बेहद सादे और शांत माहौल में दीवाली सेलिब्रेट की।
सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर
शाहरुख खान ने अपनी दीवाली पूजा की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की। यह फोटो उनके घर की है जिसमें उनकी पत्नी गौरी खान पूजा करती नजर आ रही हैं। शाहरुख ने तस्वीर पीछे से क्लिक की है और इसके साथ उन्होंने एक प्यारा मैसेज भी लिखा — “आप सभी को दिवाली की शुभकामनाएं। मां लक्ष्मी आपको समृद्धि और खुशी प्रदान करें। सभी के लिए प्यार, रोशनी और शांति की कामना।”
फैंस को भाया शाहरुख का अंदाज
शाहरुख के इस सादे अंदाज पर फैंस ने खूब प्यार बरसाया। लोगों को यह बात बहुत पसंद आई कि शाहरुख हर धर्म की इज्जत करते हैं और हर त्योहार को दिल से मानते हैं। उनके पोस्ट पर हजारों लाइक्स और कमेंट्स आए, जिसमें फैंस ने उन्हें “रियल किंग” कहा।
मन्नत में नहीं हुई पार्टी
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार शाहरुख अपने घर मन्नत में नहीं रह रहे। वहां रेनोवेशन का काम चल रहा है, इसलिए वह परिवार के साथ किराए के घर में शिफ्ट हुए हैं। इसी कारण इस बार उन्होंने कोई ग्रैंड पार्टी नहीं रखी और घर पर ही साधारण पूजा करके मिठाइयों और दीपों के साथ दीवाली मनाई।
जल्द नजर आएंगे बेटी सुहाना के साथ
काम के मोर्चे पर शाहरुख जल्द ही अपनी बेटी सुहाना खान के साथ फिल्म किंग में दिखाई देंगे। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण भी अहम किरदार निभा रही हैं। फिल्म की शूटिंग फिलहाल जोरों पर चल रही है और फैंस को इसका बेसब्री से इंतजार है।


