प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों को एक पत्र लिखकर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस पत्र में उन्होंने न केवल दीपावली की खुशियों की बात की बल्कि लोगों से कुछ खास अपील भी की। पीएम मोदी ने स्वदेशी अपनाने, योग करने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने जैसी बातों पर जोर दिया। उन्होंने अपने पत्र में ऑपरेशन सिंदूर और नेक्स्ट जनरेशन रिफॉर्म्स जैसी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
पत्र में पीएम मोदी ने लिखा, “ऊर्जा और उमंग से भरी दीपावली के इस पावन पर्व पर आप सभी को मेरी ढेर सारी शुभकामनाएं। अयोध्या में राम मंदिर के भव्य निर्माण के बाद ये दूसरी दीपावली है। प्रभु श्रीराम हमें मर्यादा का पालन करना सिखाते हैं और अन्याय से लड़ना भी। इसका उदाहरण हमने ऑपरेशन सिंदूर में देखा। भारत ने मर्यादा का पालन करते हुए अन्याय का भी प्रतिकार किया।”
विशेष दीपावली और विकास की दिशा
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार की दीपावली इसलिए विशेष है क्योंकि कई दूरदराज जिलों में पहली बार दीप जलेंगे। ये वे इलाके हैं, जहां पहले नक्सलवाद और माओवादी आतंक का प्रभाव था। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों के लोग अब विकास की मुख्यधारा में शामिल हुए हैं और संविधान के प्रति आस्था दिखा रहे हैं। पीएम मोदी ने इसे देश की बड़ी उपलब्धि बताया।
नेक्स्ट जनरेशन रिफॉर्म्स और स्वदेशी अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री ने पत्र में नेक्स्ट जनरेशन रिफॉर्म्स का जिक्र करते हुए GST दरों में कमी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इससे देशवासियों के हजारों करोड़ रुपये बच रहे हैं। इसके अलावा पीएम मोदी ने सभी नागरिकों से स्वदेशी अपनाने और गर्व से इसे अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें स्वच्छता, भाषा का सम्मान, स्वास्थ्य, योग और संतुलित भोजन को प्राथमिकता देनी चाहिए।
दीपावली का संदेश और सकारात्मकता
पत्र के अंत में पीएम मोदी ने दीपावली के प्रतीकात्मक महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “जब एक दीप दूसरे दीप को जलाता है, तो उसका प्रकाश कम नहीं होता बल्कि बढ़ता है। इसी भावना से हमें अपने समाज में सद्भाव, सहयोग और सकारात्मकता के दीप जलाने हैं। दीपावली हमें समाज और देश के विकास की ओर प्रेरित करती है।” उन्होंने सभी देशवासियों को पुनः दीपावली की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।



