ग्रेटर नोएडा में सपा की प्रेस वार्ता, भाजपा सरकार पर मतदाता सूची में अनियमितता के आरोप
आरक्षण में गड़बड़ी और संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी का भी लगाया आरोप
ग्रेटर नोएडा में सपा की प्रेस वार्ता
ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को सेक्टर अल्फा-1 स्थित ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए चलाए गए SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान के बावजूद गौतमबुद्ध नगर में हजारों फर्जी और डुप्लीकेट वोट मौजूद हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दादरी, जेवर और नोएडा में फर्जी वोट होने का दावा
सपा के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में 20 हजार से अधिक, जेवर विधानसभा में 10 हजार से अधिक और नोएडा विधानसभा क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में फर्जी एवं डुप्लीकेट वोट पाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि एक ही नाम, पता और पिता के नाम पर कई-कई वोट दर्ज हैं। उनका कहना था कि यदि SIR प्रक्रिया के बाद भी इतनी बड़ी संख्या में अनियमितताएं मौजूद हैं तो यह प्रक्रिया अपने उद्देश्य को पूरा करने में विफल साबित हुई है।
चुनाव आयोग को शिकायत देने की तैयारी
सुधीर भाटी ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के बाद विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हुई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं और जल्द ही जिला निर्वाचन अधिकारी तथा चुनाव आयोग को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने पर विचार करेगी।
आरक्षण में अनियमितता का मुद्दा भी उठाया
प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर आरक्षण से जुड़े मामलों में अनियमितता के आरोप भी लगाए गए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती और चिकित्सा अधिकारी भर्ती सहित कई चयन प्रक्रियाओं में आरक्षित वर्गों के अधिकारों की अनदेखी की गई है।
पीडीए समाज के अधिकारों का मुद्दा
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्गों को उनके संवैधानिक अधिकारों के अनुरूप अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण व्यवस्था को कमजोर किए जाने से पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के युवाओं और अभ्यर्थियों में निराशा का माहौल है।
पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग
समाजवादी पार्टी नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और आरक्षण व्यवस्था का सही क्रियान्वयन आवश्यक है। पार्टी ने संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रशासन और चुनाव आयोग से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे पदाधिकारी
प्रेस वार्ता में फकीरचंद नागर, परमेंद्र भाटी एडवोकेट, विनोद लोहिया, नरेंद्र नागर, सुधीर तोमर, विक्रम टाइगर, डॉ. शशि यादव, अकबर खान, रामशरण नागर एडवोकेट, सुरेंद्र नागर, दीपक देवटा, विकास जतन भाटी, सुनील भाटी बदौली, देवेंद्र टाइगर एडवोकेट, अमन नागर, लाल सिंह गौतम, अनूप तिवारी, सीपी सोलंकी, देवेंद्र भाटी, विपिन कसाना, सुरेंद्र भाटी, अनिल नागर, अंजली श्रीवास्तव, भरत नागर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




