सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और उनकी जोड़ी फैंस के बीच बेहद पसंद की जाती है। हाल ही में सोनाक्षी ने अबू धाबी की अपनी ट्रिप का एक ब्लॉग शेयर किया, जिसमें उनकी मस्जिद की पहली बार यात्रा की बात थी। इस वीडियो में जहीर का मजेदार कमेंट खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
सोनाक्षी ने बताया कि अबू धाबी टूरिज्म ने उन्हें इस खूबसूरत शहर की सैर के लिए बुलाया है और उनके लिए खास इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वो पहली बार मस्जिद जा रही हैं, क्योंकि वे पहले मंदिर और चर्च जा चुकी हैं लेकिन मस्जिद नहीं देखी। जैसे ही सोनाक्षी ये बात कहती हैं, जहीर तुरंत मजाक में कहते हैं कि वे सोनाक्षी को धर्म परिवर्तन कराने नहीं लेकर जा रहे हैं, बल्कि सिर्फ मस्जिद की खूबसूरती देखने जा रहे हैं। इसके बाद सोनाक्षी ने हंसते हुए कहा, “स्पेशल मैरिज एक्ट, जिंदाबाद।”
जहीर के इस मजाकिया जवाब पर फैंस भी खूब खुश हुए और उनकी तारीफ की। एक यूजर ने लिखा कि कैसे जहीर बिना जोर दिए ट्रोलर्स को जवाब देते हैं, यह देखकर अच्छा लगता है। एक और फैन ने कहा कि जहीर बहुत मजेदार हैं और उनकी हाजिर जवाबी कमाल की है।
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल ने 23 जून 2024 को शादी की थी। दोनों करीब सात साल तक रिलेशनशिप में रहे और अपनी शादी को बहुत सिंपल रखा। उन्होंने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अपनी शादी रजिस्टर करवाई थी। इस कपल की केमिस्ट्री और मस्ती भरे पल फैंस के लिए हमेशा खास बने रहते हैं।
