
Mann ki baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Mann ki baat के 121वें एपिसोड में देश और दुनिया को संबोधित करते हुए आतंकवाद पर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कश्मीर में शांति लौट रही थी और वहां पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही थी। विकास कार्य भी बड़े पैमाने पर हो रहे थे। लेकिन इसी बीच कश्मीर के दुश्मनों ने फिर से हमला कर माहौल को खराब करने की कोशिश की। प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में देश के सभी लोगों की एकता सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस लड़ाई में 140 करोड़ भारतीयों के साथ पूरा विश्व भी खड़ा है।
पीड़ित परिवारों को न्याय का भरोसा
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि कई देशों के नेताओं ने उनसे फोन पर बात कर भारत को आतंकवाद के खिलाफ समर्थन देने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि दोषियों और साजिशकर्ताओं को सबसे कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे एकजुट रहें और आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से खड़े हों। उन्होंने दोहराया कि देश का हर नागरिक इस लड़ाई में एक सिपाही की तरह है और हम सब मिलकर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे।

डॉ. के कस्तूरीरंगन को श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश के महान वैज्ञानिक डॉ. के कस्तूरीरंगन को भी याद किया। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले देश ने एक महान वैज्ञानिक को खो दिया है। डॉ. कस्तूरीरंगन का विज्ञान, शिक्षा और अंतरिक्ष कार्यक्रमों में जो योगदान रहा है वह हमेशा याद रखा जाएगा। उनके नेतृत्व में इसरो को एक नई पहचान मिली। साथ ही उन्होंने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री ने बताया कि आज भारत ने एक साथ 104 सैटेलाइट्स लॉन्च करने का रिकॉर्ड बनाया है और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने वाला पहला देश बन चुका है। कम लागत में प्रभावी तरीके से काम कर भारत आज वैश्विक अंतरिक्ष शक्ति बन चुका है।

मानवता के लिए भारत की मदद जारी
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि पिछले महीने म्यांमार में आए भीषण भूकंप के बाद भारतीय टीम ने फील्ड हॉस्पिटल बनाकर कई लोगों की जान बचाई। भारतीय इंजीनियरों ने भी महत्वपूर्ण इमारतों की क्षति का आकलन कर वहां राहत कार्य में सहयोग दिया। इसके अलावा भारतीय टीम ने कंबल, टेंट, दवाइयां, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी चीजें भी वहां भेजी। पीएम मोदी ने कहा कि इथियोपिया में रहने वाले भारतीयों ने जन्मजात दिल की बीमारी से पीड़ित बच्चों को भारत लाकर इलाज कराने की पहल की है। साथ ही कई भारतीय परिवार इन बच्चों की आर्थिक मदद भी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि भारत ने हाल ही में अफगानिस्तान और नेपाल को बड़ी मात्रा में दवाइयां और टीके भेजे हैं जिससे वहां के कई लोगों का इलाज बेहतर तरीके से हो सकेगा।

