
देश के प्रसिद्ध कवि और कहानीकार Dr. Kumar Vishwas की बड़ी बेटी अग्रता शर्मा का विवाह बेहद शाही अंदाज में मनाया गया। यह तीन दिवसीय विवाह उत्सव उदयपुर के प्रतिष्ठित लीला पैलेस में आयोजित किया गया, जिसमें केवल करीबी परिवारजन ही उपस्थित थे। यह इस साल का लीला पैलेस में पहला सेलिब्रिटी विवाह था।
संगीत संध्या में गूंजे सुरों के स्वर
विवाह समारोह के पहले दिन गायक सागर भाटिया ने अपनी सुरीली आवाज़ से महफ़िल सजाई। दूसरे दिन, सुप्रसिद्ध गायक सोनू निगम ने लगभग तीन घंटे तक अपनी गायकी से सभी को मंत्रमुग्ध किया। तीसरे दिन का आकर्षण प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर रहे, जिन्होंने अपनी संगीत प्रस्तुति के माध्यम से वर-वधू को आशीर्वाद दिया। सोशल मीडिया पर इस शाही विवाह की तस्वीरें और वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंचे आशीर्वाद देने
विवाह के बाद, वर-वधू के आशीर्वाद समारोह का आयोजन दिल्ली के अशोका होटल में 5 मार्च को किया गया। इस समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्य और विभिन्न राजनीतिक दलों के बड़े नेता शामिल हुए।

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई केंद्रीय मंत्री और दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह में उपस्थित रहे। भारत टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा भी इस भव्य आयोजन का हिस्सा बने।
दिल्ली समेत कई राज्यों के पूरे मंत्रिमंडल ने दी उपस्थिती
इस विवाह समारोह में भारतीय राजनीति की कई हस्तियां मौजूद थीं। दिल्ली सहित कई राज्यों के पूरे मंत्रिमंडल के साथ ही हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के राज्यपाल भी डॉ. कुमार विश्वास के विशेष निमंत्रण पर आए।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट के कई न्यायाधीश भी इस आयोजन में शामिल हुए। आमतौर पर सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम नजर आने वाले इन उच्च पदाधिकारियों की उपस्थिति इस विवाह समारोह की भव्यता को और अधिक बढ़ा रही थी।
डॉ. कुमार विश्वास की लोकप्रियता का असर
डॉ. कुमार विश्वास की प्रभावशाली कवि-शख्सियत का ही असर था कि इस आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष पदाधिकारी सुनील अंबेकर और दत्तात्रेय होसबाले से लेकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और विभिन्न राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचे। यह आयोजन राजनीतिक मतभेदों से परे जाकर भारतीय राजनीति के विभिन्न ध्रुवों को एक मंच पर लाने वाला साबित हुआ।
“हिमवंत जिमि गिरिजा महेसहि हरिहि सागर दई।
तिमि जनक रामहि सिय समरपी बिस्व कल कीरति नई॥”❤️🙏 pic.twitter.com/0Piu9uOSbF— Dr Kumar Vishvas (@DrKumarVishwas) March 6, 2025
धार्मिक जगत की प्रसिद्ध हस्तियों की उपस्थिति
इस भव्य विवाह समारोह में धार्मिक जगत की कई प्रसिद्ध हस्तियां भी सम्मिलित हुईं। कथा वाचक आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, महामंडलेश्वर कैलाशानंद, दीदी माँ साध्वी ऋतम्भरा, पूज्य श्री पंडरीक जी, श्री रमेश भाई ओझा, आचार्य बालकृष्ण और आचार्य मिथिलेशनंदिनिशरण जैसे कई आध्यात्मिक गुरु इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर वर-वधू को अपना आशीर्वाद दिया।
बॉलीवुड और संगीत जगत की धूम
इस आयोजन को और भी रंगीन बनाने के लिए बॉलीवुड के कई मशहूर गायक और कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रसिद्ध गायकों में बी प्राक, प्रिया मलिक, शादाब फरीदी और यो यो हनी सिंह ने अपने सुरों से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने इस समारोह को संगीतमय बना दिया और उपस्थित मेहमानों का भरपूर मनोरंजन किया।
मीडिया, व्यापार और कला जगत की हस्तियों की भागीदारी
इस समारोह में मीडिया, व्यापार और कला जगत की कई महत्वपूर्ण हस्तियां भी शामिल हुईं। ज़ी मीडिया के संस्थापक सुभाष चंद्रा, दैनिक भास्कर के मालिक सुधीर अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार हेमंत शर्मा, यशवंत राणा, शुभांकर मिश्रा, और लोकगायिका माला आस्थी जैसे कई नामी लोग इस समारोह का हिस्सा बने।
डॉ. कुमार विश्वास के कई कवि मित्र भी इस आयोजन में पहुंचे, जिनमें पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा, अशोक चक्रधर सहित अन्य प्रतिष्ठित कवि शामिल थे।
सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रेंड कर रहा यह विवाह
इस समारोह में इतने प्रतिष्ठित मेहमानों की उपस्थिति और भव्यता के कारण यह आयोजन सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंड कर रहा है। लोग इस शादी को एक कवि की सच्ची लोकप्रियता का परिणाम मान रहे हैं।
इस विवाह समारोह को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही है। कुछ इसे डॉ. कुमार विश्वास की अनोखी लोकप्रियता का परिणाम बता रहे हैं, तो कुछ इसे उनके प्रभावशाली व्यक्तित्व का जादू मान रहे हैं। कुल मिलाकर, यह विवाह न केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर था, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के मेल-मिलाप का भी अनूठा उदाहरण बन गया।

