ग्लोबल बिजनेस ग्रोथ के लिए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स का लाभ उठाने पर जोर
एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और आधुनिक उद्योगों से बदल रही यूपी की तस्वीर
ग्रेटर नोएडा, 27 सितंबर। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास की गूंज अब देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश ने विकास की नई यात्रा तय की है। सकारात्मक सोच और उद्यमियों का आत्मविश्वास आज उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं।
इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के तीसरे दिन स्पेशल बिजनेस सेशन ‘लीवरेजिंग इंडियाज फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स फॉर ग्लोबल बिजनेस ग्रोथ’ में पीयूष गोयल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शुरू हुआ यह आयोजन आने वाले वर्षों में और बड़ा तथा प्रभावी होता जाएगा।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से बदल रहा उत्तर प्रदेश
पीयूष गोयल ने कहा कि प्रदेश में बने एक्सप्रेसवे, नए एयरपोर्ट, बड़े औद्योगिक पार्क और डिफेंस, सेमीकंडक्टर व इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे आधुनिक क्षेत्रों में हो रहा निवेश बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर प्रस्तुत करता है।
उन्होंने नोएडा के निकट विकसित हो रही रोबोटिक्स फैक्ट्री का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब आधुनिक और उभरते क्षेत्रों में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश के स्थानीय ब्रांड और उत्पाद दुनिया के बाजारों में पहचान बना रहे हैं। उत्तर प्रदेश के निर्यात को वर्ष 2030 तक पांच लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य प्रदेश की आर्थिक क्षमता को दर्शाता है।
2017 से पहले के माहौल का किया उल्लेख
पीयूष गोयल ने वर्ष 2017 से पहले के कारोबारी माहौल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और कारोबार को लेकर लोगों में चिंता थी। उद्यमियों में पर्याप्त विश्वास नहीं था और बड़े उद्योगों में निवेश को लेकर उत्साह का अभाव था।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के कारण व्यापार और उद्योग जगत में निराशा का माहौल था। ऐसे वातावरण में रोबोटिक्स, डिफेंस कॉरिडोर और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में निवेश की कल्पना करना कठिन था।
उन्होंने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान संकल्प पत्र तैयार करने की प्रक्रिया का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों से गांव-गांव और घर-घर जाकर सुझाव लिए गए थे।
राजस्व बढ़ने से विकास कार्यों को मिले अधिक संसाधन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने विकास के साथ राजस्व संग्रह के क्षेत्र में भी प्रगति की है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2016-17 की तुलना में वर्तमान समय में प्रदेश के आबकारी राजस्व में लगभग पांच गुना वृद्धि हुई है।
खनन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2016-17 में बालू, मौरंग, पत्थर और अन्य खनिजों से प्रदेश का खनन राजस्व लगभग 1,548 करोड़ रुपये था। उनके अनुसार, वर्तमान में इस क्षेत्र से प्राप्त राजस्व में कई गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि बेहतर राजस्व संग्रह से सड़क, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक विकास और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध हुए हैं।
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स से वैश्विक बाजारों तक पहुंच
पीयूष गोयल ने कहा कि UPITS 2026 केवल ट्रेड फेयर नहीं, बल्कि प्रदेश के व्यापार और उद्योग को वैश्विक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स के जरिए भारतीय उत्पादों के लिए दुनिया के कई बाजार खुल रहे हैं।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के उद्यमियों से वैश्विक बाजार की मांग के अनुसार गुणवत्ता, नवाचार और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए इन अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, प्रमुख सचिव एमएसएमई शशि भूषण लाल सुशील, उद्योग आयुक्त के विजयेंद्र पांडियन और विशेष सचिव एमएसएमई शिशिर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


