Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस रेलवे स्टेशन से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेने भारत के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएंगी। इन नई ट्रेनों के रूट में बनारस से खजुराहो, लखनऊ से सहारनपुर, एर्नाकुलम से बेंगलुरु और फिरोजपुर से दिल्ली शामिल हैं। प्रधानमंत्री के इस कदम से यात्रियों को तेज़, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अवसर मिलेगा और समय की भी बचत होगी।
वाराणसी और लखनऊ में वंदे भारत की बढ़ती संख्या
उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहर वाराणसी और लखनऊ में अब सबसे ज्यादा वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। रेलवे विभाग की मंशा है कि लोगों को तेज गति से साथ-साथ आरामदायक यात्रा भी मिले। इसके लिए पूरे देश में अधिक से अधिक रूटों पर वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। वाराणसी से खजुराहो तक और लखनऊ से सहारनपुर तक के ट्रेनों का शुभारंभ इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रा का अनुभव बेहतर होगा।
यात्रियों के समय की होगी भारी बचत
इन नई ट्रेनों के चलने से यात्रियों का काफी समय बचेगा। बनारस से खजुराहो के लिए वंदे भारत ट्रेन सुबह 5:25 बजे चलकर दोपहर 1:10 बजे पहुंचेगी, जबकि वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3:20 बजे चलकर रात 11:00 बजे बनारस पहुंचेगी। यह ट्रेन धार्मिक पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है और सप्ताह में छह दिन चलेगी। इसके कारण यात्रियों को लगभग 2 घंटे 40 मिनट की समय बचत होगी। इसी प्रकार, लखनऊ से सहारनपुर चलने वाली ट्रेन सुबह 5:00 बजे चलकर दोपहर 12:45 बजे पहुंचेगी।
फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु के रूट भी होंगे सुविधाजनक
फिरोजपुर से दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 7:55 बजे रवाना होकर दोपहर 1:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, दिल्ली से यह ट्रेन दोपहर 4:00 बजे निकलकर रात 10:35 बजे फिरोजपुर पहुंचेगी। एर्नाकुलम से बेंगलुरु के बीच चलने वाली ट्रेन दोपहर 2:20 बजे एर्नाकुलम से चलेगी और रात 11:00 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। वापसी में बेंगलुरु से यह ट्रेन सुबह 5:10 बजे चलेगी और दोपहर 1:50 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी। इन दोनों रूटों पर वंदे भारत ट्रेनें यात्रियों को आरामदायक और तेज सफर मुहैया कराएंगी।
नई वंदे भारत ट्रेनों से बढ़ेगी यात्री सुविधाएं और कनेक्टिविटी
इन चार नई वंदे भारत ट्रेनों के शुभारंभ से देश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा और आसान हो जाएगी। यह ट्रेनें न केवल समय की बचत करेंगी बल्कि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस आरामदायक सफर भी प्रदान करेंगी। रेलवे ने लगातार प्रयास किया है कि हर क्षेत्र में आधुनिक और तेज़ रेल सेवा उपलब्ध कराई जाए ताकि देश के लोग बेहतर कनेक्टिविटी और उच्च स्तरीय यात्री सेवा का लाभ उठा सकें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस प्रयास से भारतीय रेलवे और देश के नागरिकों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।



