
वोट चोरी सिग्नेचर अभियान से कांग्रेस का बड़ा खुलासा गौतमबुद्ध नगर में
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस ने बड़ा जनजागरण अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार, 17 सितंबर 2025 को जिला कांग्रेस कमेटी ने ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता की। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने “वोट चोरी सिग्नेचर अभियान” की शुरुआत की घोषणा की।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक लड़ाई नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने की जंग है। उन्होंने दावा किया कि गौतमबुद्ध नगर को वोट चोरी की प्रयोगशाला बनाया जा रहा है।
वोट चोरी सिग्नेचर अभियान से कांग्रेस ने खोला बड़ा राज
कांग्रेस का यह हस्ताक्षर अभियान राहुल गांधी के आह्वान पर शुरू हुआ। बीते माह राहुल गांधी ने वोट चोरी के साक्ष्य सार्वजनिक किए थे। अब उसी कड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ता जिले के 60 मंडल, 4 ब्लॉक, एक नगर पालिका और 5 नगर पंचायतों के अलावा ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों व सोसायटियों में घर-घर जाकर हस्ताक्षर करेंगे।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा – “वोट चोरी कोई संयोग नहीं है, बल्कि एक पैटर्न है। कांग्रेस वैज्ञानिक तरीके से इस पर काम कर रही है ताकि लोकतंत्र बचाया जा सके।”
वोट चोरी सिग्नेचर अभियान के प्रमुख मुद्दे
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ हस्ताक्षर इकट्ठा करना नहीं है। बल्कि राष्ट्रपति को भेजे जाने वाले मांग पत्र में कई अहम बिंदु शामिल किए जाएंगे, जैसे:
मशीन-रीडेबल वोटर लिस्ट को सार्वजनिक करना।
नए जोड़े और काटे गए मतदाताओं की फोटोयुक्त सूची जारी करना।
पारदर्शी शिकायत निवारण प्रणाली लागू करना।
वोट दमन में शामिल अधिकारियों व एजेंटों पर सख्त कानूनी कार्रवाई।
कांग्रेस का मानना है कि इन कदमों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मजबूत होगी।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
प्रेस वार्ता में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें जिला उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष निशा शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नीरज लोहिया, अनुसूचित जाति मोर्चा चेयरमैन धर्म सिंह, पिछड़ा वर्ग चेयरमैन अरुण भाटी, कपिल भाटी, गौतम सिंह, देवेश चौधरी, कैलाश बंसल, रूबी चौहान, अरविंद रेक्सवाल, उपेंद्र सिंह, लोकेश भाटी और अनिल कुमार सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।