युवराज मेहता मौत मामले से जुड़ा है पूरा प्रकरण
ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ से आए पार्टी नेताओं के साथ नोएडा के पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर युवराज मेहता मौत मामले में मदद के लिए आगे आए मुनेंद्र की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और न्यायसंगत कार्रवाई की मांग की।
मदद करने वाले युवक की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को बताया कि गत माह नोएडा में एक गड्ढे में भरे पानी में डूबने से युवराज मेहता की मौत हो गई थी। इस घटना के दौरान मदद के लिए आगे आए मुनेंद्र को बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। समाजवादी पार्टी नेताओं का आरोप है कि मामले में बिना पर्याप्त जांच के कार्रवाई की गई है।
सांसद हरेंद्र मलिक ने जताई चिंता
सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि युवराज मेहता की मौत के बाद मुनेंद्र द्वारा सहायता के लिए आगे आने से उसकी लोकप्रियता बढ़ी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उससे ईर्ष्या करने लगे और द्वेषपूर्ण भावना से उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया गया।
उन्होंने कहा कि बिना पूरी तहकीकात के गिरफ्तारी किए जाने से कई सवाल खड़े होते हैं। समाजवादी पार्टी इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करती है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
दलित युवक पर कार्रवाई को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि मुनेंद्र दलित समाज से संबंध रखता है और बिना समुचित जांच के उस पर की गई कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में दूसरों की मदद करने के लिए आगे आने वाले युवाओं का मनोबल कमजोर करती हैं।
उन्होंने मांग की कि यदि जांच में मुनेंद्र निर्दोष पाया जाता है तो उसे तत्काल रिहा किया जाए और उसके साथ न्याय किया जाए।
क्राइम ब्रांच जांच का मिला आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार पुलिस आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी क्राइम ब्रांच से निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है। समाजवादी पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और तथ्य सामने आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
पुलिस आयुक्त से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में विधायक शाहिद मंजूर, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, सुनील चौधरी, राहुल आवाना, फकीरचंद नागर, बागपत जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, रोहित मत्ते गुर्जर, विनोद लोहिया, जगवीर नंबरदार, अक्षय चौधरी, विक्रम टाइगर, लाल सिंह गौतम, मोहित नागर, अमित भाटी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




