देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में हुआ। उनके माता-पिता कुसुम बेन और अनिलचंद्र शाह गुजराती थे। अमित शाह का दादा बड़ौदा राज्य की मानसा रियासत में धनी व्यापारी (नगर सेठ) थे। व्यापारी वर्ग के इस परिवार के लड़के ने सियासत में अपनी पहचान बनाई और आज देश के महत्वपूर्ण पदों पर हैं।
शिक्षा और प्रारंभिक जीवन
अमित शाह ने अपनी शुरुआती पढ़ाई गुजरात के पैतृक गांव मानसा में की। 16 साल की उम्र तक वहीं रहे। बाद में परिवार अहमदाबाद आ गया। उनकी मां का जीवन पर गहरा प्रभाव था। वे गांधीवादी थीं और अमित शाह को खादी पहनने के लिए प्रेरित किया।
सार्वजनिक जीवन की शुरुआत
अमित शाह का सार्वजनिक जीवन 1980 में शुरू हुआ। 16 साल की उम्र में उन्होंने संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़कर अपने राजनीतिक सफर की नींव रखी। 1982 में वे ABVP गुजरात इकाई के संयुक्त सचिव बने। 1984 में भाजपा के लिए मतदान एजेंट और 1987 में भाजपा युवा मोर्चा से जुड़कर उन्होंने संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई।
भाजपा में तेजी से उभरते कदम
1989 में अमित शाह भाजपा की अहमदाबाद इकाई के सचिव बने। उन्होंने श्री राम जन्मभूमि आंदोलन और एकता यात्रा में अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई। लालकृष्ण आडवाणी और अटल बिहारी वाजपेयी के चुनाव में उन्होंने प्रबंधन का जिम्मा संभाला। 1990 के दशक में नरेंद्र मोदी के संपर्क में आए और पार्टी के सदस्यता अभियान को मजबूत किया।
विधायक और पार्टी नेतृत्व
1997 में अमित शाह भाजपा के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बने। इसी साल उन्होंने सरखेज विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल की। इसके बाद 2012 तक लगातार हर चुनाव जीते। 1998 में गुजरात भाजपा के प्रदेश सचिव और बाद में उपाध्यक्ष बने।
महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां और राष्ट्रीय पहचान
2002 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात विधानसभा चुनावों में अहम भूमिका निभाई। गुजरात सरकार में गृह, यातायात, मद्यनिषेध, संसदीय कार्य, विधि और आबकारी विभागों का कार्यभार संभाला। 2009 में गुजरात क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष और बाद में अध्यक्ष बने। 2013 में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बने।
राष्ट्रीय राजनीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ
2014 के चुनाव में अमित शाह को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया। भाजपा ने 73 सीटें जीतकर शानदार सफलता हासिल की। 9 जुलाई 2014 को अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने और 2020 तक इस पद पर रहे। 2017 में गुजरात से राज्यसभा सदस्य चुने गए।
लोकसभा और गृह मंत्री के रूप में कार्यकाल
2019 में उन्होंने पहली बार गांधीनगर से लोकसभा चुनाव लड़ा और भारी मतों के अंतर से जीत हासिल की। 2019 में देश के गृह मंत्री बने। उनके कार्यकाल में आंतरिक सुरक्षा, अनुशासन और रणनीतिक फैसलों के लिए उन्हें जाना जाता है। अमित शाह आज भी पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं।


