2 लाख से अधिक विजिटर्स, 6,700 B2B बैठकें और ₹2,000 करोड़ के MoUs
पीयूष गोयल ने वैश्विक बाजार और FTAs के अवसरों पर दिया जोर
ग्रेटर नोएडा, 27 सितंबर 2026। UPITS 2026 के तीसरे दिन रविवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में कारोबार, निवेश, वैश्विक बाजार और सांस्कृतिक गतिविधियों का संगम देखने को मिला। शाम 5 बजे तक ट्रेड शो में 2 लाख से अधिक विजिटर्स पहुंच चुके थे। खरीदारों, MSMEs, उद्यमियों, विद्यार्थियों और परिवारों की बड़ी मौजूदगी से प्रदर्शनी हॉल में पूरे दिन उत्साह बना रहा।
पीयूष गोयल ने वैश्विक बाजार के अवसरों पर की चर्चा
तीसरे दिन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल प्रमुख आकर्षण रहे। उन्होंने फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) की ओर से आयोजित “वैश्विक व्यापार वृद्धि के लिए भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) का लाभ” विषयक नॉलेज सेशन में हिस्सा लिया।
सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी, MSME राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पीयूष गोयल ने भारतीय निर्यातकों और MSMEs से FTAs के तहत मिलने वाले preferential market access को समझने, गुणवत्ता सुधारने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास बड़ा MSME आधार, मजबूत विनिर्माण क्षमता और ODOP का व्यापक इकोसिस्टम है। ऐसे में UPITS 2026 राज्य के उत्पादों और उद्यमों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
6,700 B2B बैठकें और 1,150 व्यावसायिक समझौते
तीसरे दिन व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और प्रदर्शकों के बीच 6,700 B2B बैठकें हुईं। वहीं करीब 1,150 MoUs और व्यावसायिक समझौते हुए, जिनका अनुमानित कारोबारी मूल्य लगभग ₹2,000 करोड़ बताया गया।
MSME, ODOP और डिजिटल व्यापार को लेकर भी कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। इनमें ई-कॉमर्स, डिजिटल मार्केट एक्सेस, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन जैसे विषयों पर चर्चा हुई। वहीं EPCH के सत्र में वुडक्राफ्ट सेक्टर के लिए टिकाऊ सोर्सिंग और अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरतों पर विचार किया गया।
ODOP और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण
ODOC हॉल में सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी की मास्टर क्लास भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने अपने पाक-कौशल और विभिन्न व्यंजनों की बारीकियों को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया।
इसके अलावा विद्यार्थियों ने साइबर सिक्योरिटी, रोड सेफ्टी, MIME और Battle of Bands जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया। विभिन्न स्कूलों के छात्रों की भागीदारी ने ट्रेड शो में युवा ऊर्जा और रचनात्मकता का माहौल बनाया।
शाम को उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत भी मंच पर नजर आई। पखावज जुगलबंदी, आल्हा गायन, राई लोकनृत्य, कथक और अन्य प्रस्तुतियों के साथ सांस्कृतिक संध्या का समापन नोएडा के सर्वत्र बैंड की प्रस्तुति से हुआ।
UPITS 2026 अब केवल व्यापारिक प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रह गया है। यह उत्तर प्रदेश के उत्पादों, MSMEs, ODOP, संस्कृति और उद्यमिता को देश-दुनिया के खरीदारों के सामने प्रस्तुत करने वाला व्यापक मंच बनकर उभर रहा है। 29 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में अभी दो दिन और बाकी हैं।




