नींद की गोलियां देकर बिस्तर पर छोड़ा करैत सांप, पुलिस जांच में खुला पूरा राज
लव मैरिज के 7 साल बाद हत्या की साजिश, पत्नी, प्रेमी और दो सपेरे गिरफ्तार
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक स्कूल संचालक की कथित तौर पर उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और दो सपेरों के साथ मिलकर जहरीले करैत सांप से डसवाकर हत्या करा दी। शुरुआती तौर पर इसे सामान्य सर्पदंश का मामला माना गया, लेकिन पुलिस की जांच में पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतक अतुल कुमार (32) एक निजी स्कूल का संचालन करते थे। आरोप है कि उनकी पत्नी दामिनी (30) ने पहले दूध और खाने में नींद की गोलियां मिलाकर उन्हें बेहोश किया। इसके बाद देर रात अपने कथित प्रेमी तुषार पायला और दो सपेरों को घर बुलाया गया। आरोप है कि सपेरों ने बिस्तर पर करैत सांप छोड़ दिया, जिसने अतुल को डस लिया।
सुबह दामिनी ने शोर मचाकर परिजनों को बताया कि अतुल को सांप ने काट लिया है। कमरे में सांप और पैर पर डसने के निशान मिलने से शुरुआत में इसे प्राकृतिक घटना माना गया।
पत्नी के बयान से बढ़ा शक, कॉल डिटेल ने खोला राज
मामले ने तब नया मोड़ लिया जब पूछताछ के दौरान दामिनी ने बताया कि गर्मी लगने के कारण वह बेटे के साथ दूसरे कमरे में सो गई थी। इस बयान से परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले, जिनमें दामिनी की वैन चालक तुषार पायला से लगातार बातचीत सामने आई। पुलिस ने तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो कथित तौर पर पूरी साजिश का खुलासा हो गया।
20 लाख रुपये के बीमा के लिए रची गई हत्या की योजना
पुलिस के अनुसार, अतुल ने करीब 20 लाख रुपये का बीमा कराया हुआ था। आरोप है कि हत्या के बाद बीमा की रकम हासिल कर दामिनी और तुषार नई जिंदगी शुरू करना चाहते थे। इसी मकसद से दोनों ने कथित रूप से 5 लाख रुपये में दो सपेरों को तैयार किया और जहरीले करैत सांप का इस्तेमाल कर हत्या की योजना बनाई।
पहले भी हुई थीं हत्या की कोशिशें
जांच में सामने आया कि दामिनी पिछले लगभग एक वर्ष से पति की हत्या की साजिश रच रही थी। पुलिस के मुताबिक, कुछ समय पहले अतुल को एक कार से टक्कर मारने की भी कोशिश की गई थी। इसके अलावा लंबे समय से उनके खाने में नशीली गोलियां मिलाने का भी आरोप है। जब ये प्रयास सफल नहीं हुए तो सांप से डसवाकर हत्या की कथित योजना बनाई गई।
7 साल पहले हुई थी लव मैरिज
अतुल कुमार मेरठ के भंडोरा गांव के रहने वाले थे। उन्होंने लगभग सात वर्ष पहले परिवार की इच्छा के विरुद्ध दामिनी से प्रेम विवाह किया था। पहले वे निजी कंपनी में नौकरी करते थे, लेकिन चार साल पहले नौकरी छोड़कर कृष्ण किड्स प्ले स्कूल शुरू किया था। स्कूल में नर्सरी से कक्षा 5 तक लगभग 150 छात्र पढ़ते हैं और दामिनी भी स्कूल के संचालन में सहयोग करती थी।
पुलिस कर रही मामले की विस्तृत जांच
पुलिस ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी और मामले में शामिल बताए जा रहे दो सपेरों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और अन्य फोरेंसिक तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।


