
भ्रष्टाचार रोकने के लिए जनता संगठित, करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने उठाई कड़ी मांग
(ग्रेटर नोएडा) ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में बुधवार को करप्शन फ्री इंडिया संगठन द्वारा एक विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने भ्रष्टाचार के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि अगस्त क्रांति की वर्षगांठ के अवसर पर संगठन ने प्राधिकरण, जिलाधिकारी कार्यालय, तहसीलों और आरटीओ कार्यालय सहित कई विभागों को ज्ञापन सौंपकर भ्रष्टाचार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है।
सिर्फ अवैध रुपए लेना ही भ्रष्टाचार नहीं – चौधरी प्रवीण भारतीय
प्रेस वार्ता में चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि भ्रष्टाचार केवल रिश्वत लेने तक सीमित नहीं है। अधिकारियों का जनता से गलत व्यवहार करना, उनकी समस्याओं को अनसुना करना और बार-बार दफ्तरों के चक्कर कटवाना भी भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द कठोर कदम नहीं उठाए, तो संगठन व्यापक आंदोलन छेड़ेगा।
उन्होंने कहा कि देश को आज़ाद हुए 78 वर्ष हो गए और लाखों क्रांतिकारियों ने शहादत दी, लेकिन आज भी भ्रष्टाचार उसी स्तर पर कायम है। ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण में सड़कों का निर्माण होता है और छह महीने के भीतर ही खराब हो जाती हैं। ऐसे मामलों में अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई अनिवार्य है।
दलालों के बिना दफ्तरों में काम असंभव – जन आंदोलन की चेतावनी
चौधरी प्रवीण भारतीय ने सरकारी दफ्तरों की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना एजेंट या दलालों के कोई भी काम समय पर होना लगभग असंभव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब संगठन आम जनता के साथ मिलकर बड़े स्तर पर जन आंदोलन शुरू करेगा और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर ठोस कार्रवाई की मांग करेगा।
डॉ. दीपक शर्मा का बड़ा बयान – भ्रष्टाचार जनता के अधिकारों का शोषण
संगठन की कोर कमेटी के सदस्य डॉ. दीपक कुमार शर्मा ने कहा कि प्राधिकरणों में फैला भ्रष्टाचार इतना गहरा है कि खुद सुप्रीम कोर्ट तक टिप्पणी कर चुका है कि “प्राधिकरणों की आंख, कान और नाक तक से भ्रष्टाचार टपकता है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरणों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्तियां ऐसे लोगों की हैं जिनकी तनख्वाह मामूली है, लेकिन वे बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूमते हैं। यह साफ संकेत है कि भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार केवल पैसों की लूट नहीं, बल्कि तब और खतरनाक हो जाता है जब जनता अपने अधिकारों के तहत भी काम नहीं करा पाती।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी रहेगा संघर्ष
संगठन ने साफ कहा कि यह अभियान यहीं खत्म नहीं होगा। करप्शन फ्री इंडिया संगठन लगातार जनता के साथ मिलकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठाता रहेगा। संगठन की मांग है कि सभी भ्रष्ट अधिकारियों पर नकेल कसी जाए और सरकारी दफ्तरों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो।
इस प्रेस वार्ता में चौधरी प्रवीण भारतीय, डॉ. दीपक कुमार शर्मा, बलराज हूण, मास्टर दिनेश नागर, प्रेम प्रधान और ब्रह्मपाल कपासिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।